दारौंदा अंचल कार्यालय में जनता दरबार आयोजित, 21 भूमि विवाद मामलों का हुआ निष्पादन
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को भूमि संबंधी विवादों के निपटारे को लेकर साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी वेदप्रकाश नारायण कुमार एवं दारौंदा थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की।
जनता दरबार में कुल 28 मामलों की सुनवाई की गई, जिसमें 21 मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया। वहीं शेष मामलों में कार्रवाई करते हुए 8 मामलों पर नोटिस जारी किया गया है। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की बातों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अभिलेखों एवं कागजातों की जांच के बाद मामलों का समाधान किया गया।
अंचलाधिकारी वेदप्रकाश नारायण कुमार ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य भूमि संबंधी मामलों का त्वरित निष्पादन करना है, ताकि लोगों को न्याय के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश रहती है कि सभी लंबित मामलों का समय पर समाधान किया जाए तथा नए मामलों पर भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो।
वहीं थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने कहा कि भूमि विवाद कई बार कानून-व्यवस्था की समस्या का कारण बन जाते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ मामलों की सुनवाई कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और प्रशासन का सहयोग करें। जनता दरबार में राजस्व कर्मी, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
#Daraunda #Siwan #JantaDarbar #LandDispute #CO #Police #BiharNews #Administration #RevenueDepartment #PublicHearing

