मैजिक पलटने के बाद ट्रक ने मचाई तबाही, 4 को रौंदा, मौके पर ही मौत, 4 गंभीर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी-छपरा मुख्य मार्ग पर इनई गांव के समीप बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों (2 महिला और 2 पुरुष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है। यह दर्दनाक हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे उस समय हुआ जब बारात से लौट रहे लोगों से भरी मैजिक वाहन असंतुलित होकर पलट गई।
बताया जाता है कि मैजिक वाहन पर कुल 13 लोग सवार थे, जो छपरा के ब्रम्हपुर से बारात करके बलिया जिले के नरही स्थित लक्ष्मणपुर चट्टी लौट रहे थे। इसी दौरान इनई गांव के पास अचानक वाहन असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने सड़क पर गिरे लोगों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सभी मृतक लखनऊ के निवासी बताए जा रहे हैं।
आर्केस्ट्रा संचालक अशोक राम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी लोग बारात से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Manjhi Accident News, Chapra Road Accident, Bihar Road Accident, Truck Collision

