मजदूरी करने पुणे जा रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत, गांव में पसरा मातम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरेजा गांव निवासी एक युवक की महाराष्ट्र में ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो जाने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार आर्थिक तंगी के बीच शव को घर लाने के लिए भी परेशान है।
मिली जानकारी के अनुसार बरेजा गांव निवासी कामाख्या तिवारी के पुत्र शिवम कुमार तिवारी मजदूरी करने के उद्देश्य से पुणे जा रहे थे। इसी दौरान महाराष्ट्र के चालीस गांव रेलवे जंक्शन के समीप शनिवार को चलती ट्रेन से गिर जाने के कारण उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम के बाद शव को घर लाने के लिए लगभग 65 हजार रुपये की आवश्यकता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इतनी बड़ी रकम जुटाने में असमर्थ दिख रहा है। परिजन एवं ग्रामीण सहयोग जुटाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि शव को गांव लाकर अंतिम संस्कार किया जा सके।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक शिवम कुमार तिवारी के परिवार पर पहले भी दुखों का पहाड़ टूट चुका है। लगभग पांच वर्ष पूर्व उनकी बहन की भी तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। लगातार दूसरी बड़ी घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
घटना के बाद बरेजा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं तथा प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं।

