सिसवन में अलग-अलग घटनाओं में मारपीट व हादसे से कई घायल, अस्पताल में इलाज
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग जगहों पर हुई मारपीट और सड़क हादसे की घटनाओं में कुल सात लोग घायल हो गए, जिनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
चैनपुर ओपी क्षेत्र के नगई गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें तीन महिलाएं समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में अर्जुन यादव उर्फ पंचदेव यादव की पत्नी चंद्रावती देवी, नरेश यादव की पत्नी मीरा देवी, अवधेश यादव की पत्नी कविता देवी तथा भागीरथ यादव का पुत्र नरेश यादव शामिल हैं। घटना के बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया।
इसी क्रम में थाना क्षेत्र के सीवान-सिसवन मुख्य मार्ग पर बाइक से गिरकर एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान स्थानीय निवासी विजय कुमार सिंह के पुत्र चुनमुन कुमार सिंह के रूप में हुई है, जिसका उपचार सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
वहीं अलग-अलग स्थानों पर आपसी विवाद में हुई मारपीट की घटनाओं में दो महिलाएं भी घायल हो गईं। इनमें चैनपुर ओपी क्षेत्र के विरती गांव निवासी सुनील कुमार पंडित की पत्नी फूल माला कुमारी और मोरवन गांव निवासी नरेंद्र साह की पत्नी प्रियंका कुमारी शामिल हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में किया गया।
इसके अलावा नगई गांव में ही एक अन्य मारपीट की घटना में एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान ललन यादव के पुत्र प्रकाश कुमार यादव के रूप में हुई है, जिसका इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
घटनाओं के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

