सांसद सिग्रीवाल की पहल: डूमाईगढ़ में सरयू नदी पर बनेगा पीपा पुल, योगी ने दिया आश्वासन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के डूमाईगढ़ से बलिया के गोपालनगर के बीच सरयू नदी पर पीपा पुल निर्माण की मांग को लेकर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान यूपी और बिहार को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए पीपा पुल निर्माण का आश्वासन मिलने की जानकारी सामने आई है।
पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह समाज ने बताया कि ड्यूमाइगढ में पीपा पुल बनने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा। इससे खासकर व्यापारियों को काफी सहूलियत मिलेगी और महाराजगंज तक व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
वहीं पूर्व प्रमुख राम किशुन सिंह ने कहा कि इस पुल के निर्माण से उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को आने-जाने में काफी आसानी होगी। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस पुल की मांग कर रहे थे, जिसे अब सरकार द्वारा गंभीरता से लिया गया है।
इस मौके पर चंदन सिंह, सुनील सिंह, सूमेश सिंह, दीना यादव सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही पीपा पुल निर्माण का कार्य शुरू होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

