बिहार के दिव्यांग और सारण के स्वीप आइकन अमित ने राष्ट्रीय पारा गेम्स में दो पदक जीतकर बढ़ाया मान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: असम के गुवाहाटी में आयोजित दूसरी पारा लॉन बाउल्स नेशनल चैंपियनशिप 2025- 2026 में सारण जिले के दिव्यांग खिलाड़ी अमित कुमार सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। विगत 25 से 28 मार्च तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देश भर के पारा एथलीटों ने हिस्सा लिया था, जहां अमित ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए दो पदक अपने नाम किए है। अमित कुमार सिंह ने B6 मेन्स डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि B6 मेन्स ट्रिपल्स स्पर्धा में रजत पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। उनके इस प्रदर्शन से न सिर्फ सारण जिला बल्कि पूरे बिहार में खुशी की लहर है।
इस उपलब्धि के पीछे उनके कोच आदित्य कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कोच के मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण ने अमित को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। प्रतियोगिता के दौरान उनकी रणनीति, धैर्य और टीम के साथ बेहतर तालमेल देखने को मिला है।जहां उन्हें सफलता दिलाई है। हालांकि अमित कुमार सिंह केवल एक खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि सारण जिले के स्वीप आइकॉन (दिव्यांग) के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं। मतदाता जागरूकता जैसे सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि खेल और समाज दोनों क्षेत्रों में दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।
स्थानीय प्रशासन, खेल प्रेमियों और आम लोगों ने अमित की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ऐसे खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और अवसर मिलें, तो वे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। सारण जिले के लिए गौरव बने अमित कुमार सिंह आज राज्य के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरे हैं।

