घरेलू गैस का हो रहा था व्यवसायिक इस्तेमाल, 12 सिलेंडर जब्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जिला प्रशासन ने रसोई गैस की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को मांझी प्रखंड के महम्मदपुर में छापेमारी कर कुल 12 गैस सिलेंडर जब्त किए। यह कार्रवाई खाद आपूर्ति पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें प्रशासनिक टीम ने सटीक सूचना के आधार पर त्वरित कदम उठाया।
छापेमारी के दौरान टीम ने महम्मदपुर स्थित गंगा स्वीट्स और ललन साह के आवासीय परिसर को निशाना बनाया। जांच में गंगा स्वीट्स से 14.2 किलोग्राम के 2 भरे हुए, 3 खाली तथा 4 उपयोग में लगे गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जबकि ललन साह के आवासीय परिसर से 3 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि गंगा स्वीट्स के संचालक घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में कर रहे थे, जो निर्धारित नियमों का सीधा उल्लंघन है। प्रशासन ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस छापेमारी अभियान में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष कुमार के साथ मांझी थाना की पुलिस टीम भी सक्रिय रूप से शामिल रही। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि कालाबाजारी और अवैध उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
Saran Gas Raid, Manjhi News, LPG Misuse Bihar, Gas Black Marketing

