जैतपुर पंचायत में पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण शुरू, अशोक कुमार सिंह व विजय कुमार भारती के बीच सीधी टक्कर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के जैतपुर पंचायत में पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुआ। मतदान प्रक्रिया के दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। चुनाव को लेकर गांव में सुबह से ही उत्साह का माहौल देखा गया और मतदाता बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए।
इस चुनाव में वर्तमान पैक्स अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह और विजय कुमार भारती के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे की लड़ाई है, हालांकि शुरुआती रुझानों में अशोक कुमार सिंह विजय कुमार भारती से आगे चल रहे हैं। इससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मौके पर डीएसपी देवा आशीष, मांझी नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया सहित पुलिस बल के जवान तैनात रहे। अधिकारियों ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
शाम के समय मतगणना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिसके बाद परिणाम स्पष्ट हो जाएगा। चुनाव स्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौजूद रही, जो पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे।

