सारण में खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान, डीएम ने मरम्मती दल को किया रवाना
छपरा (बिहार) 09 मार्च 2026
गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में पेयजल की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में सारण के जिलाधिकारी ने खराब पड़े सरकारी चापाकलों की मरम्मत के लिए गठित मरम्मती दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा जिले के प्रत्येक प्रखंड में चापाकल मरम्मत दल का गठन किया गया है। ये दल पंचायतवार भ्रमण कर बंद या खराब पड़े चापाकलों की पहचान कर उनकी मरम्मत युद्ध स्तर पर करेगा, ताकि आगामी भीषण गर्मी में लोगों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
जानकारी के अनुसार, सारण जिले में विभिन्न मदों से कुल 32,492 चापाकल स्थापित हैं। इनमें से इस वर्ष विभाग द्वारा 3,116 चापाकलों की मरम्मत का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें IM-II/III श्रेणी के 2,326 चापाकल तथा सिंगूर/ऑर्डिनरी श्रेणी के 790 चापाकल शामिल हैं। विभाग का लक्ष्य है कि मई माह तक जिले के सभी बंद पड़े सार्वजनिक चापाकलों को चालू कर दिया जाए।
इस संबंध में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सांसद, विधायक, पार्षद, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर खराब या बंद पड़े चापाकलों की जानकारी प्राप्त करें और उनकी त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करें।
चापाकलों की मरम्मत से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला स्तर पर जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 06152-244791 है। ग्रामीण इस नंबर पर सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब पड़े चापाकलों की जानकारी तुरंत दें, ताकि समय रहते उनकी मरम्मत कर पेयजल की समस्या को दूर किया जा सके।

