छठ पर्व पर सेवा का उदाहरण: न्यू प्रिंस क्लब ने घाटों की सफाई कर निभाई जिम्मेदारी
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: सारण जिले के माँझी प्रखंड अंतर्गत महम्मदपुर पश्चिम पट्टी में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सामाजिक सरोकार का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला, जहां न्यू प्रिंस क्लब के सदस्यों द्वारा घाटों और संपर्क मार्गों की व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना रहा, ताकि वे श्रद्धा और आस्था के साथ पर्व का अनुष्ठान संपन्न कर सकें।
यह सफाई अभियान रामबाबू पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें क्लब के सक्रिय सदस्य रविंरंजन पाण्डेय, दीपक महतो और राजू मांझी ने प्रमुख भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने मिलकर न केवल छठ घाटों की साफ-सफाई की, बल्कि व्रतियों के आवागमन के लिए उपयोग में आने वाले रास्तों को भी साफ कर उन्हें सुगम बनाया। अभियान के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी फैलाई गई।
साथ ही, क्लब के सदस्यों ने छठ व्रतियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशानिर्देशों की जानकारी देकर उन्हें सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर रजनीश सिंह, आजाद यादव, धनंजय पाण्डेय, श्यामू ओझा, विवेक मांझी और धीरज गुप्ता सहित कई स्थानीय लोगों की उपस्थिति ने इस सामाजिक पहल को और भी मजबूती प्रदान की।

