सिसवन प्रखंड व अंचल कार्यालय में ‘सबका समान, जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत सुनी गईं जन समस्याएँ
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में ‘सबका समान, जीवन आसान’ कार्यक्रम के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु विशेष पहल की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी ने अपने-अपने कार्यालय में प्रखंड क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएँ गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुँचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस पहल से लोगों को अपनी शिकायतें सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने और समाधान प्राप्त करने में सहूलियत मिल रही है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने भी लोगों की समस्याएँ सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी मामलों पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय-सीमा में समाधान हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।

