जमीन विवाद और पूजा को लेकर अलग-अलग जगहों पर मारपीट, कई लोग घायल
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट की घटनाओं से क्षेत्र में तनाव का माहौल देखा गया। पहली घटना गंगपुर सिसवन गांव की है, जहां आपसी जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में पति-पत्नी घायल हो गए। घायलों की पहचान स्थानीय निवासी जगत महतो के पुत्र रवि शंकर महतो और उनकी पत्नी पिंकी देवी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
दूसरी घटना सिसवन थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव की है, जहां आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में छह महिलाओं सहित कुल सात लोग घायल हो गए। घायलों में हरिशंकर साह, उनकी पत्नी उर्मिला देवी, पुत्री काजल कुमारी, अजीत साह की पुत्री कीर्ति कुमारी, मनीष साह की पुत्री कृष्णा कुमारी तथा दर्पणी देवी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया है। इस घटना की भी जानकारी पुलिस को दी गई है।
वहीं तीसरी घटना चैनपुर ओपी क्षेत्र के ऐतिहासिक शिव मंदिर बाबा महेंद्रनाथ मंदिर मेहंदार की है, जहां शुक्रवार को पूजा-अर्चना को लेकर पुजारी और श्रद्धालुओं के बीच विवाद हो गया, जो मारपीट में तब्दील हो गया। इस घटना में रामगढ़ निवासी धर्मनाथ उपाध्याय के पुत्र एवं पुजारी ध्रुवजी उपाध्याय घायल हो गए। घायल पुजारी का इलाज सिसवन अस्पताल में कराया गया है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
लगातार हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस ने सभी मामलों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

