सिसवन थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन थाना पुलिस ने शराबबंदी कानून के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व के एक शराब मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के भागर गांव निवासी जुम्मन अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सिवान न्यायालय भेज दिया है।
इस संबंध में सिसवन थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है और किसी भी हाल में कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों के बीच यह संदेश गया है कि पुलिस शराब से जुड़े मामलों में अब और अधिक सख्त रुख अपनाए हुए है। थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने यह भी कहा कि जो लोग शराब के मामलों में फरार हैं, उनके खिलाफ लगातार छापेमारी कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

