सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आर्केस्ट्रा से 09 नाबालिग लड़कियां मुक्त, 02 अभियुक्त गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर जिले में मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई की गई। माननीय प्रियंक कानूनगो, सदस्य राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पत्र के आलोक में ए.एच.टी.यू. सारण एवं महिला थाना की संयुक्त टीम ने मढ़ौरा, मकेर, जनताबाजार, सहाजितपुर, बनियापुर एवं मशरक थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा पर विधिवत घेराबंदी कर छापामारी की। इस दौरान जबरन प्रताड़ित कर नृत्य करवाए जा रहे 09 नाबालिग लड़कियों एवं 01 बालिग लड़की को मुक्त कराया गया, जबकि 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 01 विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।
पुलिस के अनुसार मुक्त कराई गई नाबालिग लड़कियों में बिहार की 01, पश्चिम बंगाल की 02, झारखंड की 02, उत्तर प्रदेश की 02 तथा नेपाल की 02 लड़कियां शामिल हैं। इस संबंध में महिला थाना कांड संख्या 103/25, दिनांक 27 दिसंबर 2025 दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आदित्य कुमार, पिता रामरतन चौधरी, निवासी बगही निमीया टोला, थाना बैरिया, जिला पश्चिम चंपारण एवं विजय कुमार, पिता सुभाष साह, निवासी तरवारा, थाना तरवारा, जिला सिवान के रूप में की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में मई 2024 से अब तक जिले में चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 289 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराया गया है। इस दौरान 36 कांड दर्ज करते हुए 95 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है।
इस छापामारी दल में महिला थाना सहित मढ़ौरा, मशरक, मकेर, जनताबाजार, सहाजितपुर एवं बनियापुर थाना के थानाध्यक्ष व अन्य पुलिस पदाधिकारी, ए.एच.टी.यू. सारण के प्रभारी, मिशन मुक्ति फाउंडेशन, नारायणी सेवा संस्थान सारण तथा रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन, पश्चिम बंगाल के सदस्य शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि महिलाओं के शोषण के विरुद्ध सारण पुलिस द्वारा “आवाज दो” अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक 817 महिलाओं को विभिन्न माध्यमों से सहायता पहुंचाई गई है, जिसमें 289 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराना, 413 अपहृत लड़कियों की बरामदगी तथा 115 लड़कियों को हेल्पलाइन के माध्यम से मदद शामिल है। सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी महिला या लड़की के साथ इस प्रकार का शोषण हो रहा हो, तो “आवाज दो” हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचना देकर सहयोग करें।

