85 पुलिस पदाधिकारियों की नई पदस्थापना, जिले की कानून-व्यवस्था होगी और मजबूत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देशानुसार जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों में सुगमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों की पदस्थापना की गई है। इस क्रम में सारण जिले के कुल 85 पुलिस पदाधिकारियों को विभिन्न थाना एवं इकाइयों में पदस्थापित किया गया है। सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने नव पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान करने का निर्देश भी जारी किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारण जिलाबल के 2020 बैच के नियुक्त 65 पुलिस अवर निरीक्षक एवं 2019 बैच के 02 पुलिस अवर निरीक्षक, जिन्हें बुनियादी प्रशिक्षण के उपरांत जिले के विभिन्न थानों में व्यवहारिक प्रशिक्षण हेतु प्रतिनियुक्त किया गया था, उनका प्रशिक्षण अब पूर्ण हो चुका है। व्यवहारिक प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय के आदेशानुसार कुल 67 परीक्ष्यमान पुलिस अवर निरीक्षकों को पुलिस अवर निरीक्षक की नियमित कोटि में प्रत्यावर्तित करते हुए जिले के विभिन्न थाना एवं प्रतिष्ठानों में पदस्थापित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, इस प्रशासनिक निर्णय का मुख्य उद्देश्य जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, अपराध नियंत्रण की कार्यवाही को तेज करना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को सुनिश्चित करना है। नई पदस्थापना से थानों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को और अधिक मजबूती मिलेगी।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनहित, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के प्रति विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में निरंतर आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं।

