मांझी में जदयू का जनसंपर्क अभियान तेज, कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर बताई सरकार की उपलब्धियां
सारण (बिहार): बिहार में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, जदयू कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को मांझी प्रखंड के भलुआ पंचायत में जदयू कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
सुनील कुमार सिंह ने संभाली कमान
जनसंपर्क अभियान की अगुवाई जदयू के जिला सचिव सुनील कुमार सिंह ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, विद्युतीकरण, तकनीकी शिक्षा, कृषि, पशुपालन, जीविका, कुशल युवा कार्यक्रम और वृद्धा पेंशन योजना जैसी सरकार की प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
विकास के पथ पर बिहार – जदयू नेताओं का दावा
मौके पर जदयू के प्रखंड महासचिव जयप्रकाश दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है और योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। वहीं, जदयू पंचायत अध्यक्ष अंबिका यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री पर जनता का भरोसा ही है कि आज बिहार हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शुमार होगा।
ग्रामीणों से संवाद
इस जनसंपर्क अभियान में कौशल पाठक, वीरेंद्र सिंह समेत कई स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता से सीधा संवाद ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसी आधार पर चुनाव में बेहतर परिणाम सामने आएंगे।