हिंदी को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए चल रहा है "स्वच्छ हिंदी वैश्विक हिंदी अभियान"
रोहतक (हरियाणा) संवाददाता प्रेरणा बुडाकोटी: हिंदी को पूरे देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर निर्विवाद रूप से स्थापित करने के उद्देश्य से "स्वच्छ हिंदी वैश्विक हिंदी अभियान" संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत सोशल मीडिया चैनल और प्रोफाइल का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। साथ ही ऑनलाइन बैठकों और विभिन्न साहित्यिक-सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन भी नियमित रूप से किया जाता है।
संस्था की साप्ताहिक बैठकों में साहित्य एवं समाज से जुड़े विविध विषयों पर चर्चा होती है और समय-समय पर प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाता है।
अभियान के अंतर्गत एक बृहद शब्दकोश तैयार किया जा रहा है, जिसमें भारत की सभी क्षेत्रीय भाषाओं के शब्दों को एकीकृत कर हिंदी को अधिक सशक्त और समृद्ध बनाया जाएगा। यह प्रयास हिंदी भाषा को और अधिक विस्तृत, प्रबल और मजबूत स्थिति प्रदान करेगा।
यह अभियान स्त्री शक्ति संगठन की साहित्यिक इकाई द्वारा प्रायोजित है। संगठन ने अपने वार्षिक साहित्यिक संकलन में भारत के 24 राज्यों की 100 श्रेष्ठ महिला साहित्यकारों को सम्मानित कर एक नया आयाम स्थापित किया था। इस अभियान में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और कहा जा सकता है कि यह अभियान मूलतः महिलाओं द्वारा ही संचालित है।
"स्वच्छ हिंदी वैश्विक हिंदी अभियान" में देश का कोई भी व्यक्ति जुड़कर अपना सहयोग दे सकता है। आयोजकों का मानना है कि यदि सबका साथ और समर्थन मिला तो निकट भविष्य में हिंदी को वैश्विक भाषा के रूप में स्थापित करने का सपना साकार होगा।