सारण पुलिस ने विभिन्न मामलों में वांछित 4 अभियुक्तों को दबोचा
सारण (बिहार): वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों से जुड़े चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर गरखा, परसा और सोनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई, जिसके दौरान पुलिस पर हमले के मामले में गरखा थाना कांड संख्या-453/18 से दो अभियुक्त और परसा थाना कांड संख्या-332/24 से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। वहीं, सोनपुर थाना की टीम ने मद्यनिषेध से संबंधित कांड संख्या-809/25 में एक वांछित अभियुक्त को पकड़ा।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान रघुनाथ महतो (भूईगांव, गरखा), बुधन महतो (भगवानी छपरा, गरखा), सिपाही कुमार (लतरहिया, परसा) और सुखारी राय उर्फ राजाबाबु (मानपुर, सोनपुर) के रूप में हुई है। इनमें से सुखारी राय का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ डकैती, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और उत्पाद अधिनियम के तहत कई मामले सोनपुर और गुठनी थाने में दर्ज हैं।
इस अभियान में सोनपुर, गरखा और परसा थानाध्यक्षों सहित कई पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। सारण पुलिस ने दोहराया कि कानून-व्यवस्था कायम रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए उनकी सक्रिय कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।