नरसिंहपुर: गाडरवारा थाना में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर नीलेश बड़कुर का सड़क हादसे में आकस्मिक निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर!
/// जगत दर्शन न्यूज
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: गाडरवारा थाना में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर नीलेश बड़कुर का एक भीषण सड़क हादसे में आकस्मिक निधन हो गया। रविवार को वह किसी आवश्यक कार्य से उदयपुर-बरेली रोड की ओर गए थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
नीलेश बड़कुर को विभाग में एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और होनहार अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उनके असामयिक निधन की खबर से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। रायसेन जिले के वरिष्ठ अधिकारी, गाडरवारा थाने के सहकर्मी और अन्य पुलिसकर्मी स्तब्ध हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। रायसेन एसपी के निर्देश पर हादसे की गंभीरता से जांच की जा रही है।
नीलेश बड़कुर का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, अधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई। यह हादसा न केवल विभाग के लिए, बल्कि उनके परिवार और परिचितों के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है।