सिवान जिले के तीन थानों में जनता दरबार आयोजित, भूमि विवाद के मामलों का हुआ समाधान!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिवान जिले के रघुनाथपुर, सिसवन और मैरवा थाना परिसरों में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां अंचलाधिकारी और थाना अध्यक्षों की उपस्थिति में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई कर उनका समाधान किया गया।
रघुनाथपुर थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से भूमि से संबंधित छह मामलों की सुनवाई की। अंचल कर्मियों के अनुसार, यह सभी मामले प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से प्राप्त आवेदनों पर आधारित थे। दोनों पक्षों को नोटिस देकर बुलाया गया था, जिसके बाद मौके पर आपसी सहमति से विवादों का निपटारा किया गया।
मैरवा थाना परिसर में भी जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें थाना अध्यक्ष और अंचलाधिकारी ने संयुक्त रूप से भाग लिया। यहां भूमि विवाद से जुड़े कुल पांच मामलों की सुनवाई की गई। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अधिकारियों ने आपसी सहमति से विवादों का निपटारा किया।
सिसवन थाना परिसर में अंचलाधिकारी पंकज कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार हुआ, जहां भूमि विवाद के छह मामलों का समाधान किया गया। अंचलाधिकारी ने कहा कि जमीनी विवादों का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को न्याय मिल रहा है और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी बढ़ा है।
इन सभी जनता दरबारों में लोगों को अपनी समस्याओं का समाधान मिलने से संतोष मिला है। प्रशासन का यह प्रयास न केवल न्यायिक प्रक्रिया को सरल बना रहा है, बल्कि लोगों और प्रशासन के बीच की दूरी भी घटा रहा है। अधिकारियों ने आगे भी ऐसे दरबारों के आयोजन की बात कही है।