सिवान के विभिन्न थाना परिसरों में जनता दरबार का आयोजन, जमीन विवाद के कुल 13 मामलों का हुआ निष्पादन
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): जिले के विभिन्न थाना परिसरों में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े कुल 13 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें अधिकतर का समाधान आपसी सहमति से कर लिया गया। जनता दरबार में संबंधित थाना प्रभारी और अंचलाधिकारी की संयुक्त उपस्थिति में दोनों पक्षों की सुनवाई की गई और साक्ष्य व दस्तावेज के आधार पर निपटारा किया गया।
मैरवा: मैरवा थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद से संबंधित कुल 6 मामलों की सुनवाई की गई। थाना अध्यक्ष और अंचलाधिकारी ने संयुक्त ú से जनता की समस्याएं सुनीं और आपसी सहमति से विवादों का समाधान किया। मौके पर मौजूद लोगों ने संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन की पहल की सराहना की।
रघुनाथपुर: रघुनाथपुर थाना परिसर में भी इसी प्रकार जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां अंचलाधिकारी और थाना अध्यक्ष ने मिलकर भूमि विवाद के 4 मामलों की सुनवाई की। अधिकारियों ने बताया कि ये मामले पूर्व में प्राप्त आवेदनों के आधार पर सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किए गए थे। दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर बुलाया गया था और अधिकांश मामलों में आपसी सहमति बनाकर समाधान निकाला गया।
सिसवन: सिसवन थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने जमीनी विवाद से संबंधित 3 मामलों की सुनवाई की। दोनों पक्षों की मौजूदगी में दस्तावेजों की जांच कर समाधान किया गया। अंचलाधिकारी ने बताया कि जमीन विवाद के मामलों का शीघ्र निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आम नागरिकों को त्वरित न्याय मिल सके।
प्रशासन द्वारा आयोजित यह संयुक्त पहल ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवादों को सुलझाने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है। लगातार हो रहे ऐसे आयोजन से आम जनता को राहत मिल रही है और विवादों के न्यायपूर्ण समाधान में गति आ रही है।