सुप्रिया सिंह बनीं न्यायमित्र, सरपंच और बीपीआरओ ने सौंपा नियुक्ति पत्र!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड अंतर्गत बखरी पंचायत में न्यायमित्र के रूप में सुप्रिया सिंह की नियुक्ति की गई है। प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी मोहम्मद शबाब और पंचायत की सरपंच ज्ञानती देवी ने उन्हें विधिवत रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा।
न्यायमित्र के रूप में सुप्रिया सिंह की प्रमुख जिम्मेदारी पंचायत क्षेत्र के लोगों को न्यायिक मामलों में सहयोग प्रदान करना और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित जानकारी देकर जागरूक करना होगा। यह भूमिका इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जाती है क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश लोग विधिक प्रक्रियाओं और अपने अधिकारों से अनभिज्ञ रहते हैं।
इस अवसर पर सरपंच ज्ञानती देवी ने कहा कि सुप्रिया सिंह की नियुक्ति से पंचायत की न्यायिक व्यवस्था में सुधार होगा और ग्रामीणों को समय पर उचित कानूनी सलाह व सहयोग प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सुप्रिया सिंह अपनी जिम्मेदारी को निष्ठा और ईमानदारी से निभाते हुए पंचायत में एक सकारात्मक बदलाव लाएंगी।