हसनपुरा में निकली भव्य कलश यात्रा, क्षेत्र में सुख-शांति की कामना
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): हसनपुरा प्रखंड के पड़ौली गांव में श्री विष्णु महायज्ञ एवं शिव अंचल प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर शनिवार को एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के वातावरण में आयोजित इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा यज्ञाचार्य संतोष कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में विधिपूर्वक संपन्न हुई।
यज्ञाचार्य द्विवेदी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा-अर्चना के माध्यम से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की स्थापना करना है। कलश यात्रा में श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और भक्ति गीतों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मुख्य यजमानों में अमरनाथ पांडेय, कृष्णाकांत पांडेय, अमित पांडेय, मुकेश पांडेय, शशिशेखर पांडेय और गया सिंह शामिल रहे, जिन्होंने पूरे आयोजन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। यज्ञाचार्य ने बताया कि श्री विष्णु महायज्ञ और शिव अंचल प्रतिष्ठा का आयोजन क्षेत्रीय कल्याण और भक्तों की आध्यात्मिक उन्नति के लिए किया जा रहा है।
पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही। कलश यात्रा में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान की भक्ति में लीन होकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।