गंगा दशहरा स्नान से पहले माँझी के घाटों पर प्रशासनिक तैयारी तेज, रामघाट पर स्नान पर रोक!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: गुरुवार को प्रस्तावित गंगा दशहरा नहान को लेकर मांझी नगर पंचायत के प्रसिद्ध रामघाट तथा बैरिया घाट के अलावा अन्य घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टिगत तैयारी को लेकर मांझी के प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार सिंह एवम सीओ सौरभ अभिषेक तथा नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया ने निरीक्षण किया। बताते चलें कि कल गंगा दशहरा के स्नान पर्व पर माँझी के सरयू तट पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। इससे पहले सरयू के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से इन घाटों पर पहले से गहरे व खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर स्थानीय प्रशासन ने बैरिकेडिंग के अंदर ही श्रद्धालुओं से स्नान करने की अपील की है। जिन स्थानों पर स्नान वर्जित है,वहां चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग कराई गई है,साथ ही श्रद्धालुओं को भी गहराई वाले हिस्सों में न जाने की अपील की है। प्रशासन द्वारा यह तय किया गया है कि श्रद्धालु केवल निर्धारित व सुरक्षित स्थलों पर ही स्नान करेंगे। घाटों पर स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीमों को तैनात किया जाएगा। उधर रेल प्रशासन द्वारा बनाये जा रहे बोल्डर बांध तथा निर्माणरत अटल घाट की वजह से राम घाट पर स्थान पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। नगर पंचायत के प्रसिद्ध रामघाट पर रेलवे के द्वारा बोल्डरपीच कर बनाये जा रहे बांध तथा नव निर्मित अटल घाट की वजह से स्थानीय प्रशासन ने घाट को स्थान के लिए प्रतिबंधित किया है। कार्य होने के दौरान दोनों जगहों में घाट खतरनाक बन गया है। खतरनाक घाट होने के कारण प्रशासन ने नव निर्मित अटल घाट से सटे पुरब बहोरन सिंह के टोला घाट पर श्रद्धालुओं से स्थान करने की अपील की है। नगर पंचायत द्वारा अटल घाट से सटे पुरब स्नान करने लिए घाट की समतलीकरण तथा घाट व सड़क की मरम्मती कर उसे उपयुक्त बना दिया है। इस बीच शाम को छपरा के सदर एसडीओ ने भी बहोरन सिंह के टोला घाट तथा बैरिया घाट का निरीक्षण किया।