सिसवन में प्रखंड स्तरीय जनता दरबार का आयोजन, लोगों की समस्याएं सुनी गईं!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के अंचल कार्यालय परिसर में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता सिसवन अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने की। इस दौरान विभिन्न पंचायतों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
दरबार में लगभग आधा दर्जन लोगों ने भूमि विवाद, पर्चा की समस्या, नापी और दाखिल-खारिज जैसे मामलों को लेकर आवेदन दिया और त्वरित कार्रवाई की मांग की। अंचल अधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में अंचल कर्मियों को यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर उपस्थित अंचल कर्मियों ने भी बताया कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। जनता दरबार के आयोजन से स्थानीय लोगों में समाधान की उम्मीद जगी है।