अलग-अलग घटनाओं में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल, सांप काटने और सड़क हादसे में कई अस्पताल में भर्ती!
![]() |
/// जगत दर्शन न्यूज |
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सबसे पहले, थाना क्षेत्र के मोरवन, शुभ हता और माधोपुर गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटनाओं में गीता देवी, संजू देवी और रोशन कुमार शाह घायल हो गए। तीनों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में हुआ।
वहीं, चैनपुर थाना क्षेत्र के नगई गांव में आपसी विवाद के कारण बलिस्टर यादव की पत्नी किरण देवी और पुत्र आदित्य यादव घायल हो गए। ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इधर, बघौना गांव में सांप काटने की घटना सामने आई है। स्थानीय निवासी परमेश्वर प्रसाद को सांप ने काट लिया, जिसके बाद उन्हें सिसवन अस्पताल लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सरौत गांव में काशीनाथ भगत की पत्नी चिंता देवी छत से गिरकर घायल हो गईं। वह कपड़ा फैलाने के दौरान फिसल कर नीचे गिर गई थीं। उन्हें भी रेफरल अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया।
सड़क हादसों की कड़ी में, चैनपुर ओपी क्षेत्र के रामगढ़-चैनपुर मुख्य मार्ग पर बाइक से गिरने की घटना में तीन युवक – मोहन चौरसिया, पवन प्रसाद और मैनेजर महतो घायल हो गए। वहीं सिसवन क्षेत्र में ही एक अन्य सड़क दुर्घटना में गुदरी हता गांव के प्रशांत कुमार यादव और श्रीनाथ यादव घायल हो गए। सभी का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में चल रहा है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस ने संबंधित मामलों में संज्ञान लिया है।