पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में विश्व पर्यावरण संरक्षण पखवाड़ा : विभिन्न स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रम, रैली और नुक्कड़ नाटक के ज़रिए प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ संदेश!
///जगत दर्शन न्यूज
वाराणसी (उत्तर प्रदेश): मंडल रेल प्रबंधक श्री विनीत कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) श्री अभिषेक राय के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल पर ‘‘विश्व पर्यावरण दिवस’’ (05 जून) के उपलक्ष्य में 22 मई से 05 जून 2025 तक ‘‘विश्व पर्यावरण संरक्षण पखवाड़ा’’ आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्यावरण जागरूकता से संबंधित विविध गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में 31 मई को बनारस, वाराणसी सिटी, आजमगढ़, भटनी, बलिया, गाजीपुर सिटी, मऊ, देवरिया सदर, छपरा, सीवान, बेल्थरा रोड एवं प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर यात्रियों को प्लास्टिक बोतल क्रशर मशीन (PBCM) के उपयोग हेतु जागरूक किया गया। इन स्टेशनों पर बोतल क्रशर मशीनों की कार्यप्रणाली की समीक्षा भी की गई।
स्टेशनों पर प्लास्टिक प्रदूषण को नियंत्रित करने हेतु एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध से संबंधित विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। इस दौरान विक्रेता स्टॉलों की जाँच की गई और वर्जिन प्लास्टिक के प्रयोग पर रोक को लेकर चेतावनी दी गई। साथ ही यात्रियों को अपनी स्वयं की गैर-प्लास्टिक बोतलों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को प्लास्टिक बोतलों के स्थान पर मैटल कंटेनर/थर्मस के प्रयोग के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसके अलावा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (PA System) के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों का प्रसारण किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान न केवल रेलवे परिसरों में स्वच्छता और प्लास्टिक उन्मूलन के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाता है, बल्कि आम यात्रियों को भी पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है।