सारण में हॉकी को पुनर्जीवित करने की पहल, 'हॉकी एसोसिएशन ऑफ़ सारण' का हुआ गठन!
/// जगत दर्शन न्यूज
छपरा, 27 मई 2025
देश के गौरवशाली राष्ट्रीय खेल हॉकी को सारण जिले में नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से ‘हॉकी एसोसिएशन ऑफ़ सारण’ का विधिवत गठन किया गया है। इस अवसर पर शहर के डाकबंगला रोड स्थित दावत रेस्टोरेंट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन की पूरी कार्यकारिणी की घोषणा की गई और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया।
एसोसिएशन के गठन को जिले के लिए ऐतिहासिक बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह प्रयास न केवल खेल भावना को सशक्त करेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय पटल तक पहुंचने का मार्ग भी प्रदान करेगा। एसोसिएशन को हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार से संबद्धता और हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त है।
एसोसिएशन में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त हॉकी कोच हरेंद्र सिंह, जो सारण की धरती से संबंध रखते हैं, के मार्गदर्शन को अहम माना जा रहा है। एसोसिएशन की संरचना में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सम्मानित लोगों को शामिल किया गया है।
घोषित पदाधिकारीगण:
- मुख्य संरक्षक: डॉ. एस.के. पांडेय (प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ)
- संरक्षक: डॉ. हरेंद्र सिंह (प्रख्यात शिक्षाविद्), श्री सुरेश प्रसाद सिंह
- अध्यक्ष: श्री शैलेन्द्र सेंगर
- उपाध्यक्ष: डॉ. मनोज कुमार वर्मा ‘संकल्प’, डॉ. विकाश कुमार सिंह
- सचिव: श्री विशेश्वर राय उर्फ़ विक्की आनंद
- संयुक्त सचिव: श्री यशपाल कुमार सिंह, श्री सौरभ कुमार ‘ट्विंकल’
- कोषाध्यक्ष: श्री सतीश अग्रवाल
- जनसंपर्क अधिकारी: श्री अनिल कार्की
- कार्यालय सचिव: श्री चंदन कुमार सिंह
कार्यकारिणी सदस्य: श्री अतुल कुमार, श्री पुनीत गुप्ता, डॉ. संदीप कुमार, श्री पप्पू यादव, श्री बलदेव सिद्धार्थ, श्री देव कुमार सिंह, डॉ. अमरेंद्र सिंह, श्री नीरज कुमार, श्री संतोष कुमार और श्री सुमन कुमार।
प्रेस वार्ता में कहा गया कि एसोसिएशन का उद्देश्य न केवल खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना है, बल्कि सारण जिले को हॉकी के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाना भी है। आने वाले समय में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के साथ-साथ प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि प्रतिभाओं को मंच मिल सके और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।