माँझी प्रखंड के मटियार उपस्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं सराहनीय, लोगों में जागरूकता की कमी?
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जिले के माँझी प्रखंड अंतर्गत मटियार पंचायत स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व आम जनता ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की है।
उपस्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. प्रियंका ने जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ इस केंद्र पर लोगों को मिल रहा है, जिनमें प्रसव सेवा, टीकाकरण, दवाओं की आपूर्ति, कुत्ता काटने की स्थिति में एंटी-रेबीज इंजेक्शन जैसी सेवाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र पर सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं और नियमित रूप से चिकित्सा सेवा दी जा रही है। कोरोना काल से लेकर अब तक मटियार उपस्वास्थ्य केंद्र की सेवा व्यवस्था लगातार बेहतर रही है। उन्होंने माँझी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रोहित कुमार को भी इस व्यवस्था के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि सरकारी सेवाओं के प्रति जागरूकता की थोड़ी कमी है, जिस कारण कुछ लोग आज भी निजी चिकित्सकों की ओर रुख करते हैं, जो कई बार आर्थिक शोषण तक की स्थिति पैदा कर देते हैं।
उन्होंने अपील की कि लोग सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लें, ताकि सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा व्यवस्था का लाभ सभी को मिले। इस अवसर पर कई स्थानीय नागरिक और पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद थे।