सिवान: सिसवन व हसनपुरा प्रखंड में लगाए गए विशेष कैंप, आयुष्मान कार्ड बनवाने को लेकर उमड़ी भीड़!
/// जगत दर्शन न्यूज
सिवान, 27 मई
सिसवन और हसनपुरा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में मंगलवार को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत विशेष कैंप लगाकर लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंपों में पहुंचे और कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
सिसवन प्रखंड में चल रहे इस अभियान का निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्ड निर्माण प्रक्रिया की समीक्षा की और उपस्थित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, क्योंकि इससे उन्हें हर वर्ष 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है।
इधर, हसनपुरा प्रखंड में भी कई स्थानों पर कैंप लगाए गए, जहाँ आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए लोगों में उत्साह देखा गया। कैंप में उपस्थित कर्मियों ने लोगों के दस्तावेजों की जांच की और उन्हें कार्ड निर्माण की प्रक्रिया से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान प्रखंड के हर पंचायत तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रह जाए।
सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान से हजारों लोगों को फायदा होने की उम्मीद है।