एकमा में जन सुराज की जनसभा की तैयारी अंतिम चरण में, प्रशांत किशोर करेंगे जनता से संवाद!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता संजय कुमार सिंह: सारण जिले के एकमा प्रखंड अंतर्गत आमडाढ़ी गांव स्थित लच्छू ब्रह्म बाबा मैदान में 22 मई को जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जनसभा का आयोजन होने जा रहा है। संध्या 5 बजे से होने वाली इस जनसभा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और आयोजन स्थल पर अंतिम चरण का कार्य चल रहा है। इसको लेकर क्षेत्रीय जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इस संदर्भ में जन सुराज के सारण जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह एवं एकमा विधानसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी विकास कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक राजनैतिक सभा नहीं, बल्कि बिहार में बदलाव की जनाकांक्षा को स्वर देने का एक बड़ा प्रयास है।
विकास कुमार सिंह ने कहा कि जन सुराज की विचारधारा गांव-गांव तक पहुंच रही है और जनता अब एक नई व्यवस्था की उम्मीद कर रही है। प्रशांत किशोर ने अपने संदेश में स्पष्ट किया है कि यह यात्रा लोकनायक जयप्रकाश नारायण के अधूरे सपनों को साकार करने का संकल्प है। उन्होंने यह भी कहा कि जेपी आंदोलन के बाद सत्ता में आए नेताओं ने जनता से किए गए वादों को भुला दिया, जिस कारण बिहार आज भी पिछड़ेपन की स्थिति में है।
सभा के आयोजन को लेकर यह भी बताया गया कि 11 अप्रैल को गांधी मैदान में जन सुराज के कार्यक्रम को प्रशासन द्वारा बाधित करने का प्रयास किया गया था, लेकिन अब प्रशांत किशोर खुद गांव-गांव जाकर जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान यह भी कहा गया कि यह यात्रा शिक्षा, रोजगार, व्यवस्था और सुशासन के मुद्दों पर आधारित है और बिहार में एक नई सोच का आगाज़ करेगी। मौके पर जन सुराज के प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार गिरी, महासचिव रामनाथ माँझी, राजीव रंजन कुमार सिंह, अनुमंडल सचिव रामजी सिंह, चंचल सिंह, अर्जुन सिंह, श्रीकांत सिंह, मनु कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।