शिक्षक समाज के पथ प्रदर्शक होते हैं : दिनेश कुमार सिंह
शिक्षक अमरनाथ नाथ सिंह की दी गई भावभीनी विदाई!
सारण (बिहार): उत्क्रमित मध्य विद्यालय हर्षपुरा में शारीरिक शिक्षक अमरनाथ नाथ सिंह के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार की ओर से विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन भावनात्मक वातावरण में किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के महासचिव एवं सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिव दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक कभी सेवा से निवृत्त नहीं होते, वे अपने कर्मों व आचरण से जीवनपर्यंत समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक व मांझी अंचल के पूर्व सचिव मुरलीधर सिंह ने की, जबकि मंच संचालन प्रधानाध्यापक सह प्राथमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने किया। समारोह की शुरुआत आगत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई, जहां उन्हें फूल माला और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने सेवानिवृत्त शिक्षक अमरनाथ नाथ सिंह को एक कुशल शिक्षक बताते हुए कहा कि वे छात्रों से विशेष स्नेह रखते थे। शिक्षिका कुमारी विनीता सिंह ने उन्हें ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और विद्यालय के प्रति पूर्ण समर्पित बताया। वहीं, शिक्षिका रूपम ने उन्हें पिता तुल्य बताया।
संकुल संचालक सह संवेदना प्रोजेक्ट बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार सिंह ने अमरनाथ सिंह के शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
समारोह में उमेश यादव, सुरेन्द्र प्रसाद, सुनील कुमार सिंह, महमूद आलम, मुकेश कुमार सिंह, चंदन कुमार सिंह, पप्पू सिंह, पप्पू कुमार महतो, राजू कुमार गुप्ता, रूपम, प्रिया कुमारी, श्वेता कुमारी, नेहा कुमारी, अजमल हुसैन, हुसना नाज़नीन समेत कई शिक्षकों ने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक शंकर प्रसाद, दाउदपुर पंचायत के सरपंच शिवाजी सिंह, समन्वयक विनोद कुमार, दिनेश सिंह, सुशील सिंह, मंजुला कुमारी समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे। विदाई के दौरान शिक्षक व छात्र-छात्राएं भाव-विह्वल हो उठे। विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं ने उन्हें अंग वस्त्र व पुष्प भेंट कर सम्मानित किया।