सारण के छह पंचायतों में चला "विकसित कृषि संकल्प अभियान", किसानों को मिला वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: कृषि विज्ञान केन्द्र, माँझी सारण के तत्वावधान में "विकसित कृषि संकल्प अभियान" के तहत आज लहलादपुर और बनियापुर प्रखंड की कुल छह पंचायतों में कृषि जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लहलादपुर प्रखंड के सारण, प्रखंड मुख्यालय एवं सोनिया, तथा बनियापुर प्रखंड के बेदोली, प्रखंड मुख्यालय एवं मनोपाली पंचायतों में सैकड़ों किसानों ने इन कार्यक्रमों में भाग लिया।
कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक खेती, नवीन कृषि तकनीकों, सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं तथा प्राकृतिक खेती पर विस्तृत जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केन्द्र, माँझी के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. संजय कुमार राय ने पॉलीहाउस में सब्जी उत्पादन, शून्य जुताई विधि से धान की सीधी बुवाई, अरहर की उन्नत खेती सहित केंद्र की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
उद्यान विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र चन्द्र चंदोला ने वैज्ञानिक विधि से बागवानी, उत्तम पौधों की उपलब्धता, गड्ढा खोदने की विधि, पोषण वाटिका एवं ड्रोन तकनीक की उपयोगिता के विषय में जानकारी दी। पौध संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. जीर विनायक ने खरीफ फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन पर प्रकाश डाला। मृदा विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड की उपयोगिता और मृदा परीक्षण के तरीकों से किसानों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में आत्मा लहलादपुर से ए.टी.एम. नौशाद आलम, कृषि समन्वयक तारकेश्वर भारती और धर्मेन्द्र सिंह, किसान सलाहकार राजू कुमार गिरी, तथा बनियापुर से बी.टी.एम. अनूप प्रकाश, ए.टी.एम. अभिषेक कुमार और अरमान हुसैन, किसान सलाहकार संजय पासवान और अशोक कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। कृषि विज्ञान केन्द्र से श्री राकेश कुमार, श्री रवि रंजन एवं इफको से संदीप कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना था।