छठ व्रतियों की बढ़ेंगी मुश्किलें, माँझी- बनवार मुख्य पथ बदहाल!
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: माँझी नगर पंचायत के अंतर्गत माँझी बनवार मुख्य मार्ग से इस बार व्रतधारियों को घाट पर आवागमन करने में काफी परेशानी होगी। नगर पंचायत के महादलित बस्ती से माँझी ब्लॉक तक की सड़कें उबड़ -खाबड़ हो गयी हैं। सबसे बड़ी बात तो यह है कि इस घाट पर वार्ड 9 के अलावा माँझी गोंढ़ा, चौबाह स्थान, कुँवर टोली, कंचनपुर, गढ़ बाजार, शनिचरा बाजार, बालमुकुन्द दास के मठिया से काफी संख्या में महिला व पुरुष व्रतधारी छठ पूजा करने के लिए नंगे पांव आते हैं।
पूजा के दिन इस घाट की सड़क पर काफी चहल पहल रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पंचायत के मुख्य सड़क पर पैदल चलना सम्भव नहीं है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि जगह जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। इसके बाद सड़क के दोनों तरफ कुछ दूर तक लकड़ियों के रखने से दुर्घटनाओं की संभावना बनी हुई रहती हैं। लोगों ने बताया की नगर पंचायत द्वारा दीपावली के बाद स्थानीय घाटों की साफ सफाई एवं मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर मजदूर लगाकर शुरू कर दिया जाता है। फिलहाल इस टूटे सड़क पर बरसात का पानी लगने के कारण मिट्टी सूख नहीं पाई है। नगर पंचायत के महादलित बस्ती से घाट की दूरी लगभग डेढ़ किलोमीटर है। स्थानीय लोग चन्दा वसूली कर नगर पंचायत के सहयोग से महादलित बस्ती से घाट तक रोशनी से जगमग रहती है।
लोग कहते है कि इस सड़क से केवल छठ पूजा के व्रतियों को ही नही दाउदपुर बनवार कोहाड़ आदि गाँव पंचायत के लोग को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने का सुगम मार्ग है। अब छठ पूजा में महज ग्यारह दिन शेष रह गए हैं। अगर प्रसासन की नजर आ जाय तो छठ पूजा के नाम पर सड़कों की मरम्मत कराई जा सकती है।