नहीं बचा सका तांत्रिक, सांप के डसने से चली गई मासूम की जान!
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पाण्डेय: माँझी थाना क्षेत्र के रणपट्टी गांव में शनिवार की शाम जहरीले सांप के डंसने से एक पांच वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृत बालक भीम साहनी का पुत्र सीटू कुमार बताया जाता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीटू अपने घर की सीढ़ी पर शाम को बैठ कर खेल रहा था। इसी बीच एक जहरीले सांप ने उसे डंस लिया। सांप डंसते हीं सीटू चिल्लाने लगा और परिजनों को जानकारी दी। जानकारी मिलते हीं परिजन उसे लेकर तत्काल एक तांत्रिक के पास झाड़-फूंक कराने के लिए पहुंच गए। जब उसकी स्थिति बिगड़ने लगी तो ग्रामीणों के सहयोग से परिजन ने सीटू को लेकर पीएचसी एकमा गए जहां चिकित्सक ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
वही रविवार को समाचार प्रेषण तक जहां-तहां तंत्रिका द्वारा झाड़-फुक का कार्य चल रहा था। उधर घटना की सूचना के बाद सुबह मांझी के राजस्व पदाधिकारी कुमारी रोजी ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। हालांकि उस समय स्थानीय लोगों के अलावा घर का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। लोगों ने बताया कि मृत बच्चे के पिता रोजी रोटी के तलाश में बाहर रहते है।
वही ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सीढ़ी को तोड़कर उसमें छुपे जहरीले सांप को ढूंढ निकाला। लोगों का कहना है कि अगर सांप को खोज कर नहीं निकाला जाता तो और लोग भी हादसे का शिकार हो सकते थे। उधर घटना के बाद माता प्रियंका देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।