नवरात्र का उत्सव और देवी दुर्गा की आराधना
✍️राजीव कुमार झा की रिपोर्ट
लखीसराय (बिहार): लखीसराय बिहार का पुराना शहर है। यहां नवरात्र का त्योहार हरेक साल की तरह से इस साल भी धूमधाम से मनाया जा रहा है और आज नवरात्र की सप्तमी और अष्टमी की पवित्र तिथि के दिन नगरवासियों ने श्रद्धापूर्वक देवी दुर्गा की उपासना उनके कालरात्रि और महागौरी स्वरूप में की। लखीसराय में स्टेशन के पास छोटी दुर्गा स्थान और नया बाजार में बड़ी दुर्गा स्थान में देवी दुर्गा की पूजा मुख्य रूप से होती है। इसके अलावा बाजार समिति और पंजाबी मुहल्ला, दालपट्टी में भी दुर्गा प्रतिमा पूजन होता है। इन तमाम जगहों पर भक्तजन नवरात्र के दौरान देवी पूजा में श्रद्धा और भक्ति से शामिल होकर सुखद जीवन की कामना ईश्वर से करते रहे। आज शहर प्रशासन के द्वारा नगर के मुख्य मार्गों पर पुलिस की निरंतर आवाजाही होती दिखाई देती रही और सर्वत्र शांति सुव्यवस्था के बीच प्रेम और सद्भाव के वातावरण में लोगों ने नवरात्र का त्योहार मनाया। इस अवसर पर लोगों ने अपने घरों में पंडितों से दुर्गा सप्तशती का पाठ भी कराया। यहां काफी नर नारियों ने दिनभर उपवास करके प्रात पूजन और संध्या वंदन करके देवी दुर्गा की पूजा अर्चना की और जीवन के कल्याण की कामना सबकी अभिष्ट रही।