लापता युवक का सड़ा शव मिला बोरे में! हाथ में बंधे धागे से हुई पहचान!
कटिहार (बिहार) संवाददाता रूपेश मिश्रा: कटिहार में 19 दिन से लापता 34 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा शव बोरे में बंधा हुआ मिला, हाफ पैंट और हाथ में बंधे हुए धागा से मृतक की हुई पहचान।
इस संबंध में बताया जाता है कि नगर थाना क्षेत्र के बैगना के समीप रेलवे लाइन के किनारे पानी से भरे गड्ढे में बोरा में बंधा हुआ शव मिला। बोरे में मिला शव की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मधेपुरा गांव निवासी 34 वर्षीय विष्णु मंडल के रूप में हुई है। जो पिछले 19 दिनों से गायब थे। शव मिलने की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जहां पुलिस के द्वारा शव को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस मामले के बारे में मृतक विष्णु मंडल की पत्नी गीता देवी ने बताया कि उनका मधेपुरा गांव में नया घर बन रहा है। 19 दिन पहले उनके पति निर्माणाधीन घर को देखने के लिए कह कर निकले थे। लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन की गई। लेकिन उनका कहीं भी अता-पता नहीं चला। मुफस्सिल थाना में पति के लापता होने को लेकर गुमशुदगी की भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मंगलवार की दोपहर उन्हें जानकारी मिली की बैगना के समीप रेलवे लाइन के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बोरे में लाश मिली है। जानकारी मिलते ही घर के सभी लोग घटना स्तर पर पहुंचे। जहां बोरे में बांध कर रखा गया लाश को बाहर निकाला गया। लाश की स्थिति काफी खराब थी। चेहरे से उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। लेकिन मृतक ने जो कपड़े पहने थे और हाथ में धागा बांधा था। उसी से परिजनों ने लाश की पहचान की। जब परिजनों को लगा कि यह शव विष्णु मंडल का है, तो घर वालों में चीख पुकार मच गई।