दोस्तों के सामने ही पोखरे में डूब गया दोस्त!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार):जिले के माँझी थाना क्षेत्र के गुर्दाहाँ खुर्द के पुरैना स्थित पोखरे में नहाने के दौरान रविवार को एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। मृतक गुर्दाहाँ खुर्द गाँव निवासी अरशद खान का तेरह वर्षीय पुत्र फैज अहमद बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक फैज खान अपने कुछ मित्रों के साथ पोखरे में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। मृतक के साथ नहाने गए बच्चों ने उसे बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका किशोर उनके आंखों के सामने ही डूब गया। इस घटना के बाद नहाने गए सभी बच्चे भाग कर गांव के लोगों को इसकी सूचना दिए। तत्पश्चात खबर मिलते ही बड़ी संख्या ग्रामीण पहुंचकर शव ढूंढने का प्रयास करने लगे। स्थानीय गोताखोरों के अथक प्रयास से लगभग दो घंटे के बाद शव को पोखरे से बरामद कर लिया गया, जिसे तुरंत माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में माँझी थाना पुलिस ने कागजी कार्रवाई कर शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया।