मेंहदार में वैशाखी शिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब! प्रशासन रहा मुस्तैद!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के ऐतिहासिक बाबा महेंद्र नाथ धाम मेहंदार में वैशाखी शिवरात्रि पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार की अहले सुबह से ही शिव भक्त कतारबद्ध हो गए व बारी-बारी से भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करने लगे। श्रद्धालुओं को भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। सिसवन, चैनपुर, पचरुखी, हसनपुरा, दारौंदा आदि थानों की पुलिस गश्त करती रही। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में वाहनों की भीड़ को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई थी। महेंद्रा नाथ बाबा को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रविवार से ही जुटनी शुरू हो गई थी। मंदिर के पुजारीयो ने बताया कि दोपहर दो बजे तक करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ की जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर व मेले में भीड़ नियंत्रण को ले पूरे दिन पुलिस हांफती रही। बीड़ीओ राजेश कुमार, सीओ पंकज कुमार, चैनपुर थाना प्रभारी श्रवण पाल सहित पदाधिकारी मुस्तैद दिखे। महेंद्रनाथ मंदिर के अलावा रामगढ़, चैनपुर, बखरी ग्यासपुर आदि शिवालयों में भगवान शिव की पूजा अर्चना करने के लिए मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। हर-हर महादेव की गूंज चारों ओर सुनाई दे रही थी.भक्तों ने मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की।