प्रखंड प्रमुख कमला देवी के दो वर्ष के कार्यकाल पूरा होते ही विपक्ष हुआ हमलावर!
अविश्वास प्रस्ताव लगाने की तैयारी!
/// जगत दर्शन न्यूज़
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: माँझी की प्रखंड प्रमुख कमला देवी के दो वर्ष के कार्यकाल पूरा होते ही विपक्ष उनके ऊपर हमलावर हो गया है तथा उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लगाने की तैयारी में कमर कसकर तैयार है। पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों की हो रही गोलबन्दी से पछिया हवा से उतपन्न ठण्ड के बीच माँझी में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दोनों खेमों के सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक उठापटक और जोर आजमाइश चरम पर है।
एक तरफ सत्तापक्ष अपनी कुर्सी बचाने में कोई कसर नही छोड़ना चाहता है जबकि विपक्षी गुट प्रखण्ड प्रमुख को अपदस्थ करने की फिराक में दिन रात एक किये हुए है। सत्तापक्ष की कमान प्रखण्ड प्रमुख कमला देवी के पुत्र राजेश कुमार प्रसाद तथा विपक्षी गुट की कमान ललिता देवी के पति संतोष कुमार माँझी खुद सम्भाले हुए हैं। दोनों को माँझी एकमा विधानसभा चुनाव में शामिल प्रमुख नेताओं का परोक्ष अपरोक्ष समर्थन मिल रहा है। सत्तापक्ष तथा विपक्षी खेमें के सूत्रों ने दावा किया है कि 34 सदस्यीय प्रखंड पँचायत समिति में से बहुमत से अधिक समिति सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। बताते हैं कि सत्तापक्ष से जुड़े समिति सदस्य दूसरे प्रदेश में जाकर पहले से ही भूमिगत हो चुके हैं।
उधर विपक्षी गुट ने भी दावा किया है कि अविश्वास प्रस्ताव लगाने के लिए जरूरी बहुमत वाले उनके समिति सदस्य जिले में ही किसी गुप्त स्थान पर कैम्प किये हुए हैं। ताकि मौका मिलते ही प्रखण्ड मुख्यालय पहुँचकर प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल कर देंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों गुट अपने समर्थक समिति सदस्यों की भरपूर खातिरदारी एवम आवभगत में जुटे हुए हैं। उधर इस भागम भाग से इतर क्षेत्र में मौजूद तकरीबन आधा दर्जन समिति सदस्य अभी अपने पत्ते नही खोल रहे हैं उनकी इस तिकड़म ने दोनों खेमों की नींद हराम कर रखी हैं। क्षेत्र में मौजूद समिति सदस्यों को दोनों पक्ष अपना अपना बता रहे हैं। जोड़ तोड़ की इस राजनीतिक चहलकदमी के बीच दोनों पक्षों की नजर पँचायत समिति के दो वर्ष के कार्यकाल पूरा होने के बाद सचिव सह बीडीओ द्वारा बैठक की तिथि के निर्धारण पर नजरें टिकी हुई हैं।