छपरा के युवक की सिवान में गोली मार कर हत्या!
सारण (बिहार): सारण के युवक को सिवान में लूटपाट के दौरान अज्ञात अपराधियों द्वारा बुधवार को गोली मार कर हत्या कर देने के मामला प्रकाश में आया है। मृत युवक छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वहीं मृतक का शव पहुंचते ही पूरे गांव में चीख-पुकार मच गया।
जानकारी के अनुसार मृतक छपरा जिले के करिंगा कोठी गांव निवासी फागु बैठा का 22 वर्षीय पुत्र अजय कुमार बताया जा रहा है सीवान जिले के पचरुखी में स्थित बंधन बैंक के शाखा में फील्ड कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत था।
मृतक के परिजनों ने बताया कि अजय सिवान में ही किराये के एक मकान में रहता था। पचरुखी के बंधन बैंक में काम करता था। प्रत्येक शनिवार को वह शाम को घर आता था और सोमवार की सुबह फिर सिवान चला चला जाता था। आज सुबह उनके परिवार वालों से उसकी बात भी हुई। वहीं दोपहर में अचानक लूटपाट के दौरान उसकी हत्या की खबर मिली। परिजनों ने बताया कि वह नौकरी छोड़ना भी चाहता था। यह जोखिम भरा कार्य नही करना चाहता था। लेकिन प्रोमोशन के आस में वह कार्यरत था।
बताया जाता है कि मृतक अजय तीन भाइयों में सबसे छोटा था तथा अन्य दो भाइयों में से एक दिव्यांग है, जबकि दूसरा भाई मजदूरी करता है। पिता फागु बैठा राजमिस्त्री का काम करते हैं। घर की मजबूरी को देखते हुए पिता और भाई के सहयोग के लिए अजय ने इंटर पास करते ही बंधन बैंक में नौकरी करना शुरू कर दिया था। एक साल से बंधन बैंक की माइक्रो फाइनेंस शाखा में कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता था।