शराब कारोबारियो द्वारा पुलिस पर हमला! महिला कांस्टेबल सहित दो घायल!
जहानाबाद (बिहार): बिहार पुलिस पर एक बार फिर शराब कारोबारियों ने जानलेवा हमला बोल दिया। शराब तस्करी की सूचना पर आज शनिवार को जहानाबाद में छापेमारी करने गई उत्पाद टीम में शामिल जवानों पर शराब कारोबारियों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया, जिसमे लेडी कांस्टेबल सहित दो जवान घायल हो गए। घटना जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड के पल्या गांव की है। घायल जवानों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि एक महिला राजकुमारी देवी को 10 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह महिला एक माह पूर्व भी गिरफ्तार की गयी थी लेकिन यह शराब कारोबारी अपने कारनामों से बाज नहीं आ रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस छापामारी करने गई तभी उन लोगों ने हमला कर दिया।
मौके पर मौजूद मखदुमपुर के थाना अध्यक्ष रवि भूषण ने बताया कि कुछ महिलाओं के द्वारा उसे छुड़ाने को लेकर सड़क जाम किया गया था। लेकिन, आधे घंटे में सड़क जाम को हटा दिया गया है। वहीं इस मामले में प्राथमिक दर्ज की गई है।