ताजपुर के दाहा नदी छठ घाट पहुंचे विधायक रणधीर सिंह, तैयारियों का लिया जायजा, युवाओं का बढ़ाया उत्साह
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छठ महापर्व को लेकर ताजपुर पुरानी बाजार स्थित दाहा नदी के छठ घाट पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शुक्रवार को मांझी विधायक रणधीर सिंह ने ताजपुर पहुंचकर छठ घाट का निरीक्षण किया और व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
विधायक ने घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों तथा छठ घाट के व्यवस्थापकों से बातचीत की। उन्होंने छठ महापर्व की पवित्रता और लोकआस्था को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का सुझाव दिया।
इस दौरान घाट की साफ-सफाई और व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटे स्थानीय युवकों का विधायक ने उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सहयोग और समर्पण का भी प्रतीक है। इस महापर्व में व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि मांझी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर वहां की तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। छठ व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता उनकी प्राथमिकता है।
ताजपुर छठ घाट पर निरीक्षण के दौरान पूर्व मुखिया विजय कुमार सिंह, योगेंद्र सिंह, जीतू सिंह सहित दर्जनों गणमान्य लोग एवं स्थानीय युवक मौजूद रहे।

