मै किसी के बाप से नहीं डरता, शराबबंदी के खिलाफ अवैध कारोबार पर कार्रवाई की मुहिम जारी रहेगी : राहुल मिश्रा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रविंद्र नाथ मिश्रा के पुत्र राहुल मिश्रा ने कहा है कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए जागरूकता और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की मुहिम जारी रहनी चाहिए। वे बुधवार को अपने निजी आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त युवाओं के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस धंधे से दूर रखें और प्रशासन को सहयोग करें। उन्होंने कहा कि युवाओं का शराब के अवैध कारोबार में शामिल होना उनके भविष्य के साथ-साथ समाज के लिए भी चिंताजनक है।
राहुल मिश्रा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श के बाद बिहार में शराबबंदी कानून लागू किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी आग्रह किया कि शराबबंदी कानून को और प्रभावी तरीके से लागू कराया जाए तथा आम लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने सारण के पुलिस अधीक्षक से जिले के सभी थानाध्यक्षों के मोबाइल फोन की जांच कराने का आग्रह किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों से किन-किन की बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि शराब के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्ती जरूरी है।

