बेटे को दिल्ली विदा कर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, दो युवक घायल
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 75 वर्षीय बुजुर्ग ने घटनास्थल पर तोड़ा दम, छठ की खुशियां मातम में बदलीं
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत अपहर प्राथमिक विद्यालय के समीप बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। मृतक की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के अपहर गांव निवासी शोभन राय के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि शोभन राय का छोटा पुत्र कृष्णा राय दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह छठ महापर्व में शामिल होने के लिए घर आया था। बुधवार दोपहर छठ पूजा संपन्न होने के बाद वह वापस दिल्ली जाने के लिए निकला। पिता शोभन राय उसे विदा करने के लिए भेल्दी गए थे। वहां से कृष्णा को छपरा जाने वाले वाहन पर बैठाकर वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान अपहर प्राथमिक विद्यालय के समीप अमनौर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शोभन राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भेल्दी थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, दोनों घायलों को इलाज के लिए अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बेटे को विदा कर लौट रहे पिता की मौत से परिवार में कोहराम
शोभन राय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पति की मौत की सूचना पर पत्नी शिवकुमारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुत्र उमेश राय, सुबास राय, अशोक राय और कृष्णा राय के साथ पुत्रियां तेतरी और बबीता भी शोक में डूबी हैं।
छठ की खुशियों के बीच हुए इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जाता है कि शोभन राय के चार पुत्र हैं और सभी दूसरे प्रदेशों में रहकर काम करते हैं।

