दीपावली की रात बाइक रिपेयरिंग दुकान में लगी भीषण आग, चार-पांच बाइक समेत लाखों की संपत्ति राख
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
पूजा के बाद दुकान बंद कर घर गए थे संचालक
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के शंकरडीह गांव में दीपावली की रात एक बाइक रिपेयरिंग दुकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखी चार से पांच बाइक समेत कई अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली के दिन दुकान संचालक भरत प्रसाद पूजा-अर्चना करने के बाद अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान देर रात दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान से उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बिजली आपूर्ति बंद कर बुझाई गई आग
स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकानदार भरत प्रसाद, परसा थाना और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। आग की भयावहता को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग को भी सूचित किया गया। इसके बाद संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई, ताकि आग बुझाने के दौरान कोई दूसरी दुर्घटना न हो।
सूचना मिलते ही अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान में रखी चार से पांच बाइक और अन्य कीमती सामान जलकर नष्ट हो चुके थे।
लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान
दुकानदार भरत प्रसाद के अनुसार, अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। वहीं, अग्निशमन कर्मियों ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। दीपावली की रात हुई इस घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।

