मेहदार में नवनिर्मित पैक्स गोदाम का उद्घाटन, किसानों को अब गांव में ही मिलेगी अनाज भंडारण की सुविधा
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड की रामगढ़ पंचायत अंतर्गत मेहदार गांव में नवनिर्मित पैक्स गोदाम का भव्य उद्घाटन भाजपा नेता मनोज सिंह ने किया। उद्घाटन समारोह में गांव के किसानों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। गोदाम के निर्माण से स्थानीय किसानों में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य त्रिलोकी पाण्डेय, पंडित बृजेंद्र प्रकाश दुबे, प्रकाश पाण्डेय और संजय कुमार उपाध्याय द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया।
गांव में ही सुरक्षित रख सकेंगे किसान अपना अनाज
उद्घाटन के अवसर पर भाजपा नेता मनोज सिंह ने कहा कि पैक्स गोदाम के निर्माण से किसानों को अपना अनाज सुरक्षित रखने के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। किसान अपने गांव में ही अनाज का भंडारण कर सकेंगे। इससे उन्हें काफी सहूलियत मिलेगी।
वहीं, पैक्स अध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने कहा कि गोदाम बनने से पैक्स के कार्यों के संचालन में भी आसानी होगी। किसानों को खाद, बीज और अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
स्थानीय किसानों ने भी गोदाम निर्माण पर प्रसन्नता जताई। उनका कहना था कि यह सुविधा उनके लिए काफी लाभदायक साबित होगी। अब बरसात के मौसम में भी अनाज खराब होने की चिंता कम होगी।
समारोह में जदयू प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र भारती, पैक्स अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता कमल देव तिवारी सहित दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

