सिटी एसपी राज किशोर सिंह ने रामघाट पर छठ महापर्व के आयोजन का किया उद्घाटन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी के प्रसिद्ध रामघाट पर छठ महापर्व के आयोजन का शुभारंभ सिटी एसपी राज किशोर सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर छठ पूजा समिति के सदस्यगण सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा घाट छठी मइया के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष पंडित रंजन शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की और सभी के कल्याण की कामना की। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली।
दशकों से सारण जिले के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है रामघाट
समिति के संयोजक ई. सौरभ सन्नी ने बताया कि मांझी का रामघाट दशकों से छठ महापर्व के आयोजन को लेकर पूरे सारण जिले के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचकर पूरे हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ छठ पूजा करते हैं। प्रत्येक वर्ष यहां छठ महापर्व की महत्ता और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।
उन्होंने बताया कि अस्सी के दशक में उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय बुद्धन प्रसाद यादव मांझी के विधायक थे। उसी समय से उनके विशेष प्रयास, प्रशासनिक सहयोग और रामघाट पूजा समिति के सदस्यों के सफल प्रबंधन के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां छठ पूजा करने आने लगे। धीरे-धीरे रामघाट छठ महापर्व के आयोजन के लिए जिले में महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल के रूप में पहचान बनाने लगा।
नमामि गंगे परियोजना से सौंदर्यीकरण के बाद बढ़ी घाट की रौनक
ई. सौरभ सन्नी ने कहा कि स्थानीय सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के प्रयास से नमामि गंगे परियोजना के तहत रामघाट का सौंदर्यीकरण कराया गया है। इससे घाट की भव्यता और आकर्षण में काफी वृद्धि हुई है। इस बार भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु छठ महापर्व मनाने के लिए रामघाट पहुंचे हैं।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रशासनिक सक्रियता और मुस्तैदी की सराहना की। कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों और पूजा समिति के सदस्यों के समन्वय से श्रद्धालुओं के बीच बेहतर माहौल में महापर्व का आयोजन हो रहा है।
इस अवसर पर पुलिस इंस्पेक्टर किरण शंकर, कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया, अंचलाधिकारी रोहित अग्रवाल, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और समिति के सदस्य सुरेश यादव, अनिल श्रीवास्तव, बब्लू शर्मा, चन्द्रमा यादव, शिवजी शाह, रामचंद्र यादव, अनिल यादव, मुकेश यादव और नागेंद्र ठाकुर सहित मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

