राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर समाहरणालय सभागार में ‘पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार?’ विषय पर संगोष्ठी, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनसरोकारों पर हुई चर्चा
लोकप्रियता की होड़ में पत्रकारिता के मूल उद्देश्य से समझौता नहीं होना चाहिए : राज किशोर सिंह
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका केवल समाचारों को प्रकाशित और प्रसारित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और व्यवस्था की जवाबदेही सुनिश्चित करने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। लोकप्रियता, व्यूज और टीआरपी की प्रतिस्पर्धा के बीच पत्रकारिता के मूल उद्देश्य, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को बनाए रखना आवश्यक है। समाचारों की गति से अधिक उनकी सत्यता और विश्वसनीयता महत्वपूर्ण होनी चाहिए। उक्त बातें सोमवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में ‘पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार?’ विषय परआयोजित संगोष्ठी में सामने आईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिटी एसपी राज किशोर सिंह ने की। जिसमें जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि और पत्रकार शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन संजय भारद्वाज ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा सिटी एसपी को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद सिटी एसपी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया।
तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्षता को बताया सर्वोपरि:
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सिटी एसपी राज किशोर सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया शासन- प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर मीडिया व्यवस्था को बेहतर बनाने और समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि समाचारों के संकलन और प्रसारण में तथ्यों की पुष्टि, निष्पक्षता और जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। डिजिटल युग में सूचनाओं का प्रसार तेजी से हो रहा है। ऐसे में अपुष्ट और भ्रामक खबरों से बचना तथा तथ्यपरक संवाद को बढ़ावा देना जरूरी है। इस दौरान उन्होंने उपस्थित पत्रकारों के सवालों और सुझावों को भी सुना तथा विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ संवाद, आपसी समन्वय और रचनात्मक सहयोग से जनहित के मुद्दों को प्रभावी तरीके से सामने लाया जा सकता है।
लोकप्रियता की प्रतिस्पर्धा में पीछे न छूटे जनहित:
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने कहा कि पत्रकारिता का दायित्व केवल वही दिखाना नहीं है, जिसे लोग देखना चाहते हैं, बल्कि उन तथ्यों और समस्याओं को भी सामने लाना है, जिन्हें जानना समाज के लिए आवश्यक है। व्यूज और टीआरपी की प्रतिस्पर्धा में समाचारों की विश्वसनीयता तथा सामाजिक सरोकारों से समझौता नहीं होना चाहिए। पत्रकारिता का वास्तविक उद्देश्य समाज को जागरूक करना, आम नागरिकों की समस्याओं को आवाज देना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है। संगोष्ठी में शामिल पत्रकारों ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण विकास और सामाजिक सद्भाव जैसे विषयों को समाचारों में पर्याप्त स्थान मिलना चाहिए। पत्रकारिता का दायित्व केवल घटनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं को उठाकर संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं का ध्यान आकृष्ट कराना भी है।
सोशल मीडिया के दौर में बढ़ी पत्रकारों की जिम्मेदारी:
चर्चा के दौरान सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और डिजिटल पत्रकारिता की चुनौतियों पर भी विचार रखे गए। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच, संबंधित पक्षों का दृष्टिकोण और तथ्यों की पुष्टि अनिवार्य है। अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार से बचना पत्रकारिता की बुनियादी नैतिक जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता की सफलता केवल पाठकों की संख्या, दर्शकों की पहुंच या खबरों की लोकप्रियता से निर्धारित नहीं, बल्कि उसकी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से तय होती है। पत्रकारिता न तो सत्ता के प्रचार का माध्यम बने और न ही केवल लोकप्रियता हासिल करने का जरिया। उसे जनता और व्यवस्था के बीच विश्वसनीय संवाद सेतु की भूमिका निभानी चाहिए। संगोष्ठी का निष्कर्ष रहा कि लोकलुभावन पत्रकारिता क्षणिक लोकप्रियता दिला सकती है, लेकिन जिम्मेदार पत्रकारिता ही समाज का स्थायी विश्वास अर्जित करती है।

