जीविका दीदियों के सहयोग से सारण के 64 संकुलों में चल रहा नशामुक्ति जागरूकता अभियान
ब्रह्माकुमारी संस्था और बिहार सरकार के मध निषेध विभाग की संयुक्त पहल, 1 से 7 नवंबर तक 20 प्रखंडों में जागरूकता कार्यक्रम एवं नशामुक्ति की दिलाई जा रही शपथ
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: नशामुक्त समाज के निर्माण और लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सारण जिले में विशेष जागरूकता एवं प्रतिज्ञा अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में छपरा सेवा केंद्र की संचालिका बीके अनामिका दीदी ने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की भगिनी संस्था राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के अंतर्गत मेडिकल विंग तथा बिहार सरकार के मद्य निषेध विभाग के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत यह पहल की गई है। इसके अंतर्गत पूरे बिहार में जीविका दीदियों के सभी सामुदायिक स्तरीय संघों (सीएलएफ) के माध्यम से नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सारण जिले के 20 प्रखंडों के 64 सीएलएफ में एक से सात नवंबर तक जागरूकता एवं प्रतिज्ञा अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान जीविका दीदियों और ग्रामीण महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देने के साथ स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया जा रहा है।
महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से नशामुक्त समाज का संकल्प होगा साकार
बीके अरविंद भाई ने बताया कि समाज और पूरे बिहार को नशामुक्त बनाने के लिए माताओं और बहनों को आगे आना होगा। क्योंकि महिलाएं परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। माता को संपूर्ण विश्व की जननी माना गया है, इसी भाव से भारत माता का गौरवगान किया जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से नशामुक्त समाज का संकल्प साकार हो सकता है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार की इस पहल के तहत जीविका दीदियां श्रेष्ठ समाज, श्रेष्ठ बिहार और नशामुक्त बिहार बनाने के संकल्प के साथ अभियान में अपनी भागीदारी निभा रही हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए सारण जिले के विभिन्न ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्रों की बहनें प्रखंडों और गांवों में पहुंच कर जीविका दीदियों को जागरूक कर रही हैं। जिसमें बीके वीणा, बीके कमलावती, बीके मुन्नी, बीके हीरामती, बीके निर्मला, बीके गौरी, बीके प्रियांशु, बीके खुशबू, बीके रोहित, बीके नीरज और बीके प्रिंस सहित अन्य भाई- बहने मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।

